

भारतीय टीम पहली बार हॉकी का सबसे छोटा वर्जन खेलने जा रही है। जिसे 5 ए साइड हॉकी कहा जाता है। दरअसल, फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल हॉकी (FIH) ने पहली बार 5 ए साइड आयोजित करने की घोषणा की है। 5 और 6 जून को होने जा रहे इस टूर्नामेंट में पांच देशों की टीमें खेलेंगी। यह टूर्नामेंट स्विटजरलैंड के लुसाने में होगा। टूर्नामेंट के लिए हॉकी इंडिया ने 9 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। डिफेंडर गुरिंदर सिंह को इसकी कमान दी गई है। वहीं सुमित को उप कप्तान बनाया गया है। यह पहला मौका है जब भारतीय पुरुष हॉकी टीम इंटरनेशनल लेवल पर 5 ए साइड हॉकी का मैच खेलेगी। इससे पहले यूथ ओलिंपिक-2018 में भारत की यूथ टीम ने इस तरह का मैच खेला था।
टूर्नामेंट में शामिल होंगे 5 देश
इस टूर्नामेंट में पांच देशों की टीमें भाग लेंगी। भारत के अलावा मलेशिया, पाकिस्तान, पोलैंड और मेजबान स्विटजरलैंड देश इसमें शामिल होंगे। भारतीय टीम 1 जून को बेंगलुरू से टूर्नामेंट के लिए जाएगी।
इस टूर्नामेंट के बारे में भारतीय टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा- कि ‘हीरो हॉकी 5 टूर्नामेंट खेल का एक अलग ही रूप है। स्विटजरलैंड जैसे खूबसूरत देश में बेहतरीन टीमों के खिलाफ तेज रफ्तार हॉकी खेलने को लेकर हम काफी उत्साही हैं।
भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी
गुरिंदर सिंह (कप्तान), सुमित, पवन, संजय, मनदीप मोर, रविचंद्र सिंह, दिलप्रीत सिंह, मोहम्मद राहील मौसीन, गुरसाहिबजीत सिंह।
स्टैंडबाई : प्रशांत कुमार चौहान , बॉबी सिंह धामी, सुदीप चिरमाको ।
भारत के हॉकी मैच
भारत बनाम स्विट्जरलैंड, 4 जून, शाम 6 बजे से।
भारत बनाम पोलैंड, 5 जून, 6:30 बजे से।

