छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले दो पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित किया। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
तोमन कुमार को 51 लाख रुपये, अभिजीत सखूजा को 31 लाख की प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर सफलता हासिल की जा सकती है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपनी प्रतिभा और संघर्ष से यह साबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा प्रदेश के हजारों युवाओं को अपने सपने पूरे करने की प्रेरणा देगी।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं टूटा तोमन कुमार का हौसला
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी साहस, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में उन्होंने अपना बायां पैर गंवा दिया था।
इसके बावजूद तोमन कुमार ने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और लगातार अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री साय ने उनके साहस और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने वाले तोमन कुमार ने अब खेल के मैदान में भी अपनी असाधारण इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य पदक
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना करने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी पीछे नहीं छोड़ा।
अभिजीत ने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास तथा अनुशासन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध छत्तीसगढ़ सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल खिलाड़ियों को उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।
राज्य सरकार विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता प्रदान की जाती है।
अरुण साव ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई
उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। प्रधानमंत्री के संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, खेल संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ पैरालंपिक में भी देश के लिए पदक जीतेंगे।

