

परीक्षा पे चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मप्र के कई छात्रों से बात की और रीवा की रेणुका मिश्रा ऐसी ही एक छात्रा हैं। रेणुका ने विकलांगों के लिए एक विशेष उपकरण बनाया है। इस डिवाइस को बिना हाथों के दिव्यांग अपने पैरों से चला सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा के दौरान दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में इस डिवाइस को देखा।
रेणुका मिश्रा रीवा स्थित केंद्रीय विद्यालय की छात्रा है। रेणुका मिश्रा की सफलता पर रीवा केंद्रीय विद्यालय को गर्व है। उसे पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। वह नौवीं की छात्रा है। रेणुका मिश्रा ने दिव्यांग छात्रों के लिए एकलव्य नाम का एक उपकरण डिजाइन किया है। रेणुका के उपकरण से बिना हाथ वाले दिव्यांग पैर से भी लैपटॉप चला सकेंगे। रेणुका का मानना है कि यह डिवाइस दिव्यांगों के लिए एक वरदान साबित होगा।
पैर से लैपटॉप को कंट्रोल कर पाएंगे दिव्यांग
दरअसल, दिव्यांगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गैजेट चलाने की होती है। रेणुका मिश्रा ने उनकी समस्या को समझा और इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एकलव्य डिवाइस तैयार की। वह डिवाइस कंप्यूटर माउस की तरह दिखता है। इससे उन्हें सारा काम खुद करने में मदद मिलेगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने उपकरण देखा
परीक्षा पे चर्चा के दौरान दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रदर्शनी लगाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शनी में जाकर एकलव्य डिवाइस को देखा है। इसके साथ ही इसे बनाने वाली रेणुका मिश्रा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की है। स्कूल की शिक्षिका रविता पाठक ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत हर्ष की बात है कि पीएम मोदी ने रेणुका मिश्रा से बात की है।

