गुरु ने मुझे मुझसे मिलाया

गुरु पूर्णिमा पर एक व्यक्तिगत अनुभव

अगर कोई मुझसे आज पूछे कि पिछले कुछ वर्षों में मेरी ज़िंदगी में सबसे बड़ा बदलाव क्या आया है, तो शायद मैं किसी उपलब्धि, किसी डिग्री या किसी सफलता का नाम नहीं लूँगी। मैं सिर्फ़ इतना कहूँगी—”मैंने खुद के साथ रहना सीख लिया।”

यह बात सुनने में बहुत छोटी लगती है, लेकिन मेरे लिए यही सबसे बड़ा परिवर्तन रहा है।

एक समय था जब मैं हमेशा व्यस्त रहती थी। काम, ज़िम्मेदारियाँ, लोगों की उम्मीदें… सब कुछ चलता रहता था। बाहर से देखने पर शायद सब ठीक था, लेकिन भीतर अक्सर एक बेचैनी रहती थी। बिना किसी वजह के मन भारी हो जाता था। हर बात को ज़्यादा सोचती थी। कई बार दूसरों की बातों से ज़रूरत से ज़्यादा प्रभावित हो जाती थी। और सबसे बड़ी बात, मैं खुद से मिलने का समय ही नहीं निकाल पाती थी।

मुझे लगता था कि अगर परिस्थितियाँ बदल जाएँगी, लोग बदल जाएँगे या कुछ और हासिल हो जाएगा, तो शायद मन भी शांत हो जाएगा। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ।

फिर मेरी ज़िंदगी में हार्टफुलनेस मेडिटेशन आया।

सच कहूँ तो शुरुआत में मैं भी उन लोगों में थी जो ध्यान को सिर्फ़ पाँच-दस मिनट आँखें बंद करके बैठने की प्रक्रिया समझते थे। लेकिन धीरे-धीरे महसूस हुआ कि ध्यान का संबंध “आँखें बंद करने से कम और दिल खोलने से ज़्यादा है।”

यहीं से मेरी असली यात्रा शुरू हुई…..

इस यात्रा में मुझे दाजी—डॉ. कमलेश डी. पटेल—का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने मुझे कभी यह नहीं बताया कि मुझे कैसा बनना चाहिए। उन्होंने बस इतना सिखाया कि अपने भीतर शांति से बैठो, खुद को सुनो, और अपने दिल पर भरोसा करना सीखो।

शायद यही गुरु का सबसे बड़ा काम होता है। वे हमें बदलते नहीं हैं, वे हमें हमारे असली स्वरूप से मिला देते हैं।

धीरे-धीरे मैंने अपने भीतर छोटे-छोटे बदलाव महसूस करने शुरू किए। पहले मैं हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया दे देती थी, अब थोड़ा ठहर जाती हूँ। पहले किसी की बात कई दिनों तक मन में घूमती रहती थी, अब उसे छोड़ देना थोड़ा आसान हो गया है। पहले हर समस्या बहुत बड़ी लगती थी, अब लगता है कि हर अनुभव कुछ सिखाने आया है।

ये बदलाव किसी चमत्कार की तरह एक दिन में नहीं आए। आज भी मैं सीख रही हूँ। आज भी कभी-कभी मन उलझता है, परेशान होता है। लेकिन अब एक फ़र्क है—“अब मुझे वापस लौटने का रास्ता पता है।”

हार्टफुलनेस में एक बात मुझे हमेशा बहुत गहराई से छूती है—हृदय की सफ़ाई!

हम रोज़ अपने घर की सफ़ाई करते हैं। अलमारी साफ़ करते हैं। मोबाइल का स्टोरेज भी खाली कर देते हैं। लेकिन मन में जो पुरानी बातें जमा रहती हैं—किसी की कही हुई बात, कोई दुख, कोई शिकायत, कोई अपराधबोध—उन्हें हम सालों तक ढोते रहते हैं।

जब मैंने इस सफ़ाई का अभ्यास शुरू किया, तब समझ आया कि हल्का महसूस करना भी एक साधना है।

धीरे-धीरे लोगों को देखने का मेरा नज़रिया भी बदलने लगा। पहले मैं लोगों को जल्दी जज कर देती थी। अब लगता है कि हर इंसान अपनी-अपनी लड़ाई लड़ रहा है। शायद इसलिए अब सुनना पहले से ज़्यादा अच्छा लगता है, और समझना सही होने से ज़्यादा ज़रूरी लगने लगा है।

आज की दुनिया में हम हर समय किसी न किसी से जुड़े रहते हैं। फ़ोन पर, सोशल मीडिया पर, मीटिंग्स में… लेकिन सबसे कम जुड़ाव अगर किसी से है, तो वह अपने आप से है।

मेरे लिए हार्टफुलनेस ने यही बदला।

इसने मुझे सिखाया कि शांति कहीं बाहर नहीं मिलेगी। उसे अपने भीतर ही खोजना होगा। और यह भी कि इस यात्रा में अगर किसी गुरु का हाथ आपके सिर पर हो, तो रास्ता थोड़ा आसान, थोड़ा स्पष्ट और बहुत अधिक सुंदर हो जाता है।

दाजी को देखकर हमेशा एक बात महसूस होती है कि आध्यात्मिकता का मतलब असाधारण बनना नहीं है। आध्यात्मिकता का मतलब है—ज़्यादा सहज होना, ज़्यादा सरल होना, ज़्यादा प्रेम से जीना।

गुरु पूर्णिमा मेरे लिए सिर्फ़ एक परंपरा नहीं है.. यह रुककर धन्यवाद कहने का दिन है…

उस गुरु को धन्यवाद, जिन्होंने मुझे कोई नया जीवन नहीं दिया, बल्कि उसी जीवन को एक नई नज़र से देखना सिखाया।

आज भी मैं वही इंसान हूँ। वही काम है, वही दुनिया है, वही चुनौतियाँ हैं। बदला है तो बस उन्हें देखने का मेरा तरीका।

और शायद यही सबसे बड़ा परिवर्तन है।

आज अगर कोई मुझसे पूछे कि हार्टफुलनेस ने मुझे क्या दिया, तो मैं बस मुस्कुराकर इतना ही कहूँगी—

इसने मुझे दुनिया से पहले, खुद से जोड़ दिया।

और जब इंसान खुद से जुड़ जाता है, तब धीरे-धीरे उसकी पूरी दुनिया बदलने लगती है

डॉ. कीर्ति सिसोदिया

Avatar photo

Dr. Kirti Sisodia

Content Writer

ALSO READ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Owner/Editor In Chief: Dr.Kirti Sisodia 
Devendra Nagar, Raipur, Chhattisgarh 492001
Mob. – 6232190022

Email – Hello@seepositive.in

GET OUR POSITIVE STORIES