

नेशनल हाइवे पर किसी भी तरह की मदद के लिए अब किसी से पूछना नहीं पड़ेगा क्योंक केंद्र सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए ‘राजमार्ग यात्रा एप’ की शुरुआत की है। इसमें पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल और दूसरी जरूरी सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल जाएगी। इसके लिए बस फोन पर राजमार्ग एप डाउनलोड करना होगा। NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए एक इंटीग्रेटेड मोबाइल एप्लीकेशन ‘राजमार्ग यात्रा’ की सुविधा शुरू की है।
ऐप से मिलेगी जानकारी
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सिटीजन सेंट्रिक इंटीग्रेटेड मोबाइल ऐप ‘राजमार्ग यात्रा’ की शुरुआत की है। यह ऐप नेशनल हाईवे के इस्तेमाल करने वाले लोगों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह ऐप अब गूगल प्ले स्टोर और iOS ऐप स्टोर दोनों पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गया है, जो यात्रियों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्गों पर पूरी डिटेल के साथ ही एक कुशल शिकायत निवारण प्रणाली भी देता है। ऐप फिलहाल हिंदी और अंग्रेजी में दो भाषाओं में उपलब्ध है।
राजमार्ग यात्रा ऐप की खासियत
‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ हाईवे पर सफर करने वालों पर फोकस रखकर डिजाइन किया गया है।
यह यूजर फ्रेंडली ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों मोबाइल फोन यूजर्स के लिए दो भाषाओं- अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध है।
‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ नेशनल हाईवे पर चलने वालों के लिए जरूरी जानकारी के वन-स्टॉप स्टोर के रूप में मदद करता है।
यात्री रीयल टाइम मौसम के हालात, समय पर जानकारी और नजदीकी टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल और दूसरी जरूरी सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ले सकते हैं। जो नेशनल हाईवे पर एक सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगे।
‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ पर यूजर्स को जियो-टैग किए गए वीडियो या फोटो एड करके नेशनल हाईवे से जुड़े किसी भी मुद्दे की आसानी से रिपोर्ट मिल सकेगी।
‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ पर रजिस्टर्ड शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निपटाया जा सकेगा।
किसी भी देरी के मामले में सिस्टम-जनरेटेड मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का काम होगा। यूजर्स पूरी पारदर्शिता के लिए अपनी शिकायतों की स्थिति को भी ट्रैक कर सकेंगे।
‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ विभिन्न बैंक पोर्टलों के साथ भी जुड़ा है और इस तरह यूजर्स के लिए अपने फास्टैग को रिचार्ज करना आसान होगा। यात्री मंथली भुगतान का लाभ उठा सकते हैं, और दूसरे फास्टैग-संबंधित बैंकिंग सेवाओं की सुविधा भी ले सकते हैं।
अगर ड्राइवर एनएच पर वाहन को ओवरस्पीड कर रहा है, तो ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप जिम्मेदार और सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देने के लिए एक मैसेज भी भेजेगा।
एनएचएआई के राजमार्ग यात्रा ऐप पर नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को इस बात की जानकारी भी मिलेगी कि कौन सा पर्यटन स्थल पास में है।
इसके साथ ही जोखिम वाली जगहों या ब्लैक स्पाट कहां पर है, इसकी जानकारी भी मिलेगी।
अब तक लोगों को हाईवे पर सफर के दौरान रास्ते से जुड़ी जानकारी के लिए केवल गूगल मैप पर ही डिपेंडेंट रहना पड़ता था। लेकिन अब हाईवे पर राजमार्ग यात्रा ऐप भी आपके सफर को आसान बनाएगा।
एनएचएआई के नए जारी किए गए राजमार्ग यात्रा ऐप पर हेल्पलाइन की भी सुविधा मौजूद है साथ ही इस ऐप में Whatsapp चैटिंग की भी सुविधा है।

