DID Super Mom Winner: मजदूरी करने वाली वर्षा बुमरा ने जीता कॉन्टेस्ट, दिल जीत लेगी संघर्ष की कहानी!



DID Super Mom 3 Winner Varsha Bumrah: मेहनत एक दिन रंग जरूर लाती है, लगातार सपनों के लिए मेहनत करते रहने वालों की कभी हार नहीं होती है। इस बात को साबित किया है हरियाणा की वर्षा बुमरा ने। ‘डांस इंडिया डांस सुपर मॉम’ के इस सीजन का टाइटल हांसी, हरियाणा की वर्षा बुमरा (Varsha Bumrah) ने जीता है। मजदूरी करने वाली वर्षा का डीआईडी के विनर बनने की कहानी काफी प्रेरणादायी है। कॉन्टेस्ट के ग्रैंड फिनाले में सभी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए वर्षा ने यह खिताब अपने नाम किया है। उन्हें इनाम में ट्रॉफी के साथ-साथ 10 लाख रुपए का विनिंग अमाउंट भी दिया गया।

वर्षा एक गरीब परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पति दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और वे खुद भी कई बार पति का हाथ बंटाने के लिए निर्माणधीन इमारतों की साइट पर मजदूरी का काम करती थीं। हरियाणा के हांसी की रहने वाली वर्षा ने जिस मेहनत के दम पर आज यह सफलता हासिल की है, वह काबिल-ए-तारीफ है। वर्षा की इस जीत से हर कोई खुश और प्रेरित है। जब ग्रैंड फिनाले में उनके नाम की विनर के तौर पर घोषणा हुई तो हर कोई खुशी से भर गया।

इस सीजन के दौरान वर्षा की जिंदगी और मेहनत ने सभी को काफी इम्प्रेस किया। और यही वजह रही कि दर्शकों ने उनकी प्रतिभा को देखते हुए खुलकर उनके पक्ष में वोट दिया। दर्शकों के प्यार और उनकी मेहनत का ही यह नतीजा है कि आज वर्षा इस मुकाम पर पहुंची हैं। वर्षा को इनाम में 10 लाख रुपये की राशि मिली है और अब उन्हें कई असाइनमेंट्स भी मिल रहे हैं।

परिवार चलाने के बीच मन में कहीं छिपी थी डांस की इच्छा

गरीब परिवार से होने की वजह से लालन पोषण में काफी परेशानियां आईं, लेकिन वर्षा के दिल में कहीं ना कहीं डांस का जुनून दबा सा था। वह कोरियोग्राफर वर्तिका झा से काफी प्रेरित थीं। जब भी उन्हें समय मिलता था वर्तिका के वीडियोज देखकर वे डांस की प्रैक्टिस करती थी। जब डीआईडी सुपर मॉम्स 3 के ऑडिशन का उन्हें पता चला तो वर्षा ने इसमें हिस्सा लेने की ठान ली। जीतने के बाद वर्षा ने कहा कि मेरा पांच साल का बेटा बहुत खुश है। मेरे नाम की घोषणा होने पर ही वह नाचने लगा था। मेरे बेटे ने मुझसे कहा था कि देखना शो की विजेता आप ही होंगी।

Avatar photo

Dr. Kirti Sisodia

Content Writer

ALSO READ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Owner/Editor In Chief: Dr.Kirti Sisodia 
Devendra Nagar, Raipur, Chhattisgarh 492001
Mob. – 6232190022

Email – Hello@seepositive.in

GET OUR POSITIVE STORIES