Mahtari Vandan Yojana: कैसे बदली बन्सुला के भोजवती की जिंदगी!

महतारी वंदन योजना

बन्सुला की भोजवती साहू ने ₹1000 से बदली अपनी तकदीर

Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड में एक छोटा सा गांव है, बन्सुला। यहाँ रहने वाली श्रीमती भोजवती साहू की कहानी आज केवल एक संघर्ष की दास्तां नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन और एक महिला के अडिग आत्मविश्वास की मिसाल बन चुकी है। यह कहानी हमें सिखाती है कि सहारा छोटा ही क्यों न हो, अगर हौसला बड़ा हो तो अंधेरी राहों में भी उजाला किया जा सकता है।

विपदा का पहाड़ और भविष्य की चिंता

भोजवती साहू का जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन पति के आकस्मिक निधन ने सब कुछ बदल कर रख दिया। घर की चारदीवारी के भीतर रहने वाली एक साधारण महिला के कंधों पर अचानक पूरे परिवार और बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई। पति के जाने के बाद आर्थिक तंगी ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी। सबसे बड़ी चिंता उनके दोनों बच्चों के भविष्य और उनकी शिक्षा को लेकर थी। एक विधवा मां के लिए समाज में अकेले संघर्ष करना और बच्चों को एक सम्मानजनक जीवन देना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।

महतारी वंदन योजना

उम्मीद की एक नई किरण

जब भोजवती मुश्किलों से जूझ रही थीं, तभी उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ के बारे में जानकारी मिली। इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने ₹1000 की वित्तीय सहायता दी जाती है। कई लोगों के लिए ₹1000 की राशि शायद मामूली हो, लेकिन भोजवती के लिए यह राशि “संजीवनी” की तरह थी। उन्होंने इसे केवल खर्च करने का साधन नहीं, बल्कि खुद को पैरों पर खड़ा करने का एक निवेश माना।

₹1000 से किराना दुकान तक का सफर

भोजवती ने योजना से मिलने वाली राशि को जोड़ना शुरू किया और बहुत ही समझदारी के साथ एक छोटी सी किराना दुकान की नींव रखी। शुरुआत में उन्होंने अपनी दुकान में बिस्कुट, नमकीन, साबुन और तेल जैसी रोजमर्रा की बेहद जरूरी चीजें रखीं।

शुरुआत में मन में थोड़ी हिचकिचाहट और डर था कि क्या यह छोटा सा प्रयास सफल होगा? लेकिन बन्सुला के ग्रामीणों का साथ मिला और भोजवती की मेहनत रंग लाई। धीरे-धीरे दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और उससे होने वाली आमदनी से उन्होंने दुकान का विस्तार किया। आज उनकी दुकान न केवल उनके घर का चूल्हा जला रही है, बल्कि उनके बच्चों के सपनों को पंख भी दे रही है।

मुस्कुराते बच्चे और गौरवान्वित माँ

आज भोजवती के दोनों बच्चे एक अच्छे स्कूल में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। अपनी सफलता पर बात करते हुए भोजवती भावुक होकर कहती हैं, “जब मेरे बच्चे स्कूल जाते हैं और उनके चेहरों पर मुस्कुराहत होती है, तो मुझे महसूस होता है कि मेरे पति की आत्मा को भी शांति मिल रही होगी। महतारी वंदन योजना से मिलने वाले ₹1000 मेरे लिए सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि मेरी ताकत और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद हैं।”

भोजवती की यह कहानी उन हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों में हार मान लेती हैं। उन्होंने सिद्ध कर दिया कि सरकार की छोटी सी मदद और स्वयं के दृढ़ संकल्प से गरीबी और अभावों की बेड़ियों को काटा जा सकता है।

Positive सार

श्रीमती भोजवती साहू आज बन्सुला और पूरे बसना ब्लॉक के लिए एक मिसाल बन गई हैं। महतारी वंदन योजना ने उन्हें वह आर्थिक सुरक्षा दी, जिसकी उन्हें सबसे ज्यादा जरूरत थी। आज वह एक स्वावलंबी महिला हैं, जिन्हें खुद पर गर्व है और जिनके पास अपने बच्चों के लिए एक सुरक्षित कल है।

Avatar photo

Rishita Diwan

Content Writer

ALSO READ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Owner/Editor In Chief: Dr.Kirti Sisodia 
Devendra Nagar, Raipur, Chhattisgarh 492001
Mob. – 6232190022

Email – Hello@seepositive.in

GET OUR POSITIVE STORIES