Mahatari Sadan: महतारी सदन बन रही है महिलाओं के उम्मीदों का घर!

Mahatari Sadan: छत्तीसगढ़ सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। जिनमें से एक है महतारी सदन। जो अब ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वावलंबन और सम्मान का प्रतीक बन चुकी है। पहले बिहान दीदियों को अपनी समूह की गतिविधियों और प्रशिक्षण के लिए पंचायत भवन या किसी निजी घर में जगह मांगनी पड़ती थी। लेकिन अब महतारी सदन ने उन्हें स्वतंत्र और सुरक्षित स्थान प्रदान कर दिया है।

महिलाओं के लिए नई उम्मीद

स्वसहायता समूहों की ‘बिहान’ दीदियों के लिए कभी साधारण बैठक भी बड़ी चुनौती होती थी। बैठकें टल जाती थीं। प्रशिक्षण बाधित हो जाता था, और संगठन की गति धीमी हो जाती थी। अब महतारी सदन के निर्माण से दीदियों को अपनी गतिविधियों और कार्यक्रमों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। यहां न केवल संगठनात्मक बैठकें संचालित की जा सकती हैं, बल्कि नियमित प्रशिक्षण और कौशल विकास भी संभव हुआ है।

बिलासपुर में महतारी सदन

बिलासपुर जिले के ग्राम सेमरताल की ‘बिहान’ दीदी सरस्वती धीवर कहती हैं, “अब हमें ऐसा लगता है मानो हमारा अपना घर हो, जहां हम बैठकर न केवल चर्चा करते हैं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने की योजना बनाते हैं।” ग्राम जलसों की श्रीमती लता सूर्यवंशी ने भी कहा कि अब समूह की महिलाओं को अपनी गतिविधियों और बैठकों के लिए किसी से जगह नहीं मांगनी पड़ेगी, और इससे उनमें नया आत्मविश्वास आया है।

महिलाओं के सपनों का घर

बिहान दीदी गौरी गौरव, पूनम गौतम, चमेली यादव, वंदना केवट, कृष्णा देवी और पीआरपी सावित्री ने बताया कि महतारी सदन का निर्माण केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि हजारों महिलाओं के सपनों और आशाओं का पूरा होना है। इस पहल ने ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास और संगठनात्मक शक्ति को नई ऊँचाई दी है।

बिलासपुर में महतारी सदन

बिलासपुर जिले में 19 महतारी सदन स्वीकृत हैं, जिनमें से चार का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 23 सितंबर को धमतरी से वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस पहल को महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता देने वाला प्रतीक बताया। ‘बिहान’ की दीदियों ने कहा, “अब हमारा संगठन और मजबूत होगा क्योंकि हमें अपना घर मिल गया है।”

क्या है महतारी सदन?

महतारी सदन एक महिला-केंद्रित सामुदायिक भवन है, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्राम पंचायतों में महिला सशक्तिकरण और समृद्धि के लिए आरंभ किया है। यहां महिलाएं सामूहिक रूप से विभिन्न आर्थिक, प्रशिक्षण और सामाजिक गतिविधियों में भाग ले सकती हैं।

महतारी सदन की सुविधाएं

महतारी सदन लगभग 2500 वर्गफुट क्षेत्र में बनाया गया है, जिसमें कमरा, हाल, बरामदा, किचन, स्टोर रूम, शौचालय, ट्यूबवेल, वाटर हार्वेस्टिंग और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएँ शामिल हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का प्रावधान भी किया गया है।

महतारी सदन का उद्देश्य

  • ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना।
  • महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा समूहों में सामूहिक भागीदारी और समरसता स्थापित करना।
  • महिला समूहों को प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए सुरक्षित स्थान प्रदान करना, जैसे सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, हस्तशिल्प, कृषि-आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल साक्षरता।
  • महतारी सदन कहलाएंगे राज्य के आंगनबाडी केंद्र, मिलेंगी ये सुविधाएं

क्यों महत्वपूर्ण है महतारी सदन?

महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता का केंद्र बन चुका है। यहां प्रशिक्षण और समूह गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकती हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की योजना है कि सभी ग्राम पंचायतों में पाँच वर्षों में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा, जिससे महिलाओं का सशक्तिकरण और उनकी सामाजिक भागीदारी और मजबूत होगी।

Avatar photo

Rishita Diwan

Content Writer

ALSO READ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Owner/Editor In Chief: Dr.Kirti Sisodia 

Office Address: D 133, near Ram Janki Temple, Sector 5, Jagriti Nagar, Devendra Nagar, Raipur, Chhattisgarh 492001

Mob. – 6232190022

Email – Hello@seepositive.in

FOLLOW US​

GET OUR POSITIVE STORIES

Uplifting stories, positive impact and updates delivered straight into your inbox.