कुछ लोग पूरी ज़िंदगी एक सही इंसान खोजते रहते हैं। लेकिन सच यह है – मनुष्य इंसान नहीं खोज रहा होता…वह एक एहसास खोज रहा होता है।
एक ऐसी जगह जहाँ उसके भीतर का शोर धीरे-धीरे शांत होने लगे। जहाँ उसे हर पल यह साबित न करना पड़े कि वह अच्छा है, मजबूत है, समझदार है, जरूरी है। बस…जहाँ वह थककर बैठ सके।
लेकिन एक गहरा सच और भी है—जब तक मनुष्य खुद से नहीं मिलता, वह किसी और को भी सच में नहीं पहचान पाता। क्योंकि जो व्यक्ति अपने ही भीतर से अनजान है,वह अक्सर आकर्षण को प्रेम समझ लेता है, आदत को अपनापन, और अकेलेपन को रिश्ता।
सबसे पहला मिलन किसी और से नहीं…खुद से होना चाहिए
हम कई बार लोगों को नहीं चुनते, हम अपनी खाली जगहों के लिए सहारे चुन लेते हैं। इसलिए जीवन में सबसे पहला मिलन किसी और से नहीं…खुद से होना चाहिए।
लेकिन यही सबसे कठिन है। क्योंकि बाहर की दुनिया से मिलना आसान है, भीतर उतरना नहीं।
भीतर उतरते ही मनुष्य को अपने ही दबे हुए हिस्से मिलते हैं। पुरानी चोटें, अनकही तकलीफ़ें, वो बातें जिन पर उसने सालों से चुप्पी रखी, वो सपने जिन्हें उसने “अब क्या फ़ायदा” कहकर छोड़ दिया।
और सबसे गहरी बात— उसे वह इंसान मिलता है जिसे वह दुनिया को दिखाता तो रहा, लेकिन खुद कभी गले नहीं लगा पाया।
बाहर का शोर प्रेम लगता है
सच है…
जब तक भीतर ख़ामोशी नहीं उतरती, तब तक बाहर का शोर ही प्रेम लगता रहता है। लेकिन जिस दिन
मनुष्य खुद के साथ बैठना सीख जाता है, अपनी खामोशियों से डरना छोड़ देता है,
अपने अकेलेपन से भागना बंद कर देता है— उसी दिन उसकी आँख बदल जाती है। फिर वह लोगों को चेहरे से नहीं, ऊर्जा से पहचानने लगता है।
फिर उसे समझ आने लगता है कौन उसे सिर्फ भर रहा है और कौन सच में उसे देख रहा है। कौन उसकी आदत बनना चाहता है और कौन उसका घर। क्योंकि जो व्यक्ति खुद से मिल चुका होता है,
वह किसी ऐसे इंसान को तुरंत पहचान लेता है जिसके सामने उसे अभिनय नहीं करना पड़ेगा।
जहाँ उसकी आवाज़ छोटी नहीं करनी पड़ेगी। जहाँ उसकी संवेदनशीलता बोझ नहीं कहलाएगी।
जहाँ उसकी चुप्पी भी समझी जाएगी। लेकिन यह पहचान तभी आती है जब भीतर स्वयं से मिलन हुआ हो। वरना मनुष्य पूरी जिंदगी दूसरों से स्वीकृति माँगता रहता है, क्योंकि उसने खुद को कभी स्वीकार ही नहीं किया होता। और शायद आत्म-प्रेम का असली अर्थ भी यही है— खुद को बदलने की कोशिश बंद कर देना नहीं, बल्कि खुद के पास बैठ पाने की क्षमता। बिना भागे, बिना शर्म के, बिना मुखौटे के!
सबसे बड़ी शांति कब मिलती है?
क्योंकि अंत में सबसे बड़ी शांति किसी के मिल जाने से नहीं आती। सबसे बड़ी शांति तब आती है
जब पहली बार आप स्वयं के साथ अकेले बैठते हैं… और भीतर से आवाज़ आती है—“अब मुझे खुद से छुपना नहीं है।”
और शायद तभी जीवन में वह व्यक्ति भी आता है जो आपको पूरा नहीं करता… बल्कि आपके भीतर पहले से मौजूद पूर्णता को छू लेता है। फिर प्रेम पकड़ नहीं बनता– सहारा नहीं बनता–डर नहीं बनता।
फिर प्रेम दो अधूरे लोगों की जरूरत नहीं, दो जागी हुई आत्माओं की शांति बन जाता है। जहाँ दोनों एक-दूसरे से यह नहीं कहते— “मुझे पूरा कर दो…” बल्कि धीरे से कहते हैं— “मैं खुद से मिल चुका हूँ…
अब तुम्हारे साथ बिना अभिनय के जीना चाहता हूँ…
-कीर्ति सिसोदिया

