Kanger Valley National Park: छत्तीसगढ़ का कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान (Kanger Valley National Park) अपनी अद्भुत जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। घने जंगलों, झरनों और गहरी घाटियों के बीच बसे इस नेशनल पार्क की एक और खास पहचान है—यहां पाई जाने वाली 252 प्रजातियों की तितलियां, जो इसे भारत के सबसे समृद्ध ‘Butterfly Zones’ में शामिल करती हैं।
जैसे ही ठंड का मौसम शुरू होता है, घाटी रंग-बिरंगी तितलियों से भर जाती है। उनकी उड़ानें, रंग और पैटर्न यहां आने वाले पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं।
एशिया की दुर्लभ तितलियों का घर
कांगेर घाटी में ऐसी कई तितली प्रजातियां मौजूद हैं, जो एशिया के कई हिस्सों में दुर्लभ या लुप्तप्राय मानी जाती हैं। उनमें से प्रमुख हैं,
- ऑरेंज ओक लीफ (Orange Oakleaf) – जिसे ‘राष्ट्रीय तितली’ भी कहा जाता है
- कॉमन जेम (Common Gem) – दुर्लभ और कम दिखाई देने वाली तितली
- एशिया की दूसरी सबसे बड़ी तितली – जिसे पर्यटक यहां आसानी से देख सकते हैं
कांगेर घाटी में बहने वाले कांगेर नाला के किनारे इन तितलियों की उपस्थिति सबसे अधिक दर्ज की गई है।
252 प्रजातियों का अनोखा संसार
कांगेर घाटी में कुल 252 तितली प्रजातियां पाई जाती हैं, जो किसी भी राष्ट्रीय उद्यान में एक बड़ी संख्या है। इन तितलियों में शामिल हैं-
- छोटी और चमकीली प्रजातियां
- बड़े आकार की सुंदर तितलियां
- दुर्लभ एवं अनुसंधान महत्व की प्रजातियां
यह अद्भुत विविधता कांगेर घाटी को एक विशिष्ट पारिस्थितिक क्षेत्र बनाती है।
तितली ज़ोन- 100+ प्रजातियां एक ही जगह
पर्यटकों को तितलियों का जादुई संसार नज़दीक से दिखाने के लिए पार्क प्रबंधन ने तीरथगढ़ जलप्रपात के पगडंडी मार्ग पर एक विशेष तितली ज़ोन बनाया है। यहां 2 किलोमीटर के दायरे में एक ही स्थान पर 100 से अधिक तितली प्रजातियां देखी जा सकती हैं यह प्रदेश का पहला ऐसा क्षेत्र है, जहां एक साथ इतनी बड़ी संख्या में तितलियां पाई जाती हैं।
तितलियों को देखने का सबसे अच्छा समय
हालांकि कांगेर घाटी में सालभर तितलियों को देखा जा सकता है, लेकिन सबसे उपयुक्त समय है, अक्टूबर से फरवरी। इस दौरान मौसम अनुकूल होता है और तितलियों की संख्या सबसे अधिक रहती है।
Top 5 Places to Visit in Chhattisgarh – The Ultimate Guide to Eco-Tourism, Homestays & Hidden Gems
पर्यटकों के लिए आकर्षण का अनोखा केंद्र
घने जंगल, शांत वातावरण, प्राकृतिक सुंदरता और रंग-बिरंगी तितलियों की भरमार कांगेर घाटी को पर्यटकों के लिए एक अद्भुत अनुभव बनाती है। यहां की तितलियों की विविधता न केवल प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करती है, बल्कि शोधकर्ताओं के लिए भी यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ये भी देखें

